टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मध्य निषेध अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब बरामद की है। रविवार की संध्या गश्ती के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।प्राप्त जानकारी के अनुसार टेढ़ागाछ पुलिस की टीम नियमित गश्ती कर रही थी।
इसी दौरान शीशागाछी के पास नेपाल की ओर से आ रहे दो बाइक सवारों पर पुलिस को संदेह हुआ। दोनों युवक अपनी बाइक पर बोरी लादे हुए थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर लदी बोरियों के अंदर से लीची ब्रांड की नेपाली देसी शराब बरामद की गई।पुलिस ने मौके पर ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और शराब सहित दोनों मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना ले आई।
पुलिस के अनुसार एक बाइक का नंबर बीआर 38 एएच-0459 तथा दूसरी बाइक का नंबर बीआर 38 एएल-4151 है। जांच के दौरान पहली बाइक से 210 बोतल और दूसरी बाइक से 96 बोतल रश्मि लीची ब्रांड की नेपाली देसी शराब बरामद की गई। सभी बोतलें 300 एमएल की हैं। इस प्रकार कुल 306 बोतल नेपाली शराब पुलिस ने जब्त की है।गिरफ्तार तस्करों की पहचान प्रदीप कुमार यादव (पिता–स्वर्गीय बलराम यादव), निवासी ग्राम बलुआ कलियागंज थाना पलासी जिला अररिया तथा मुकेश कुमार चौधरी (पिता–गयानंद चौधरी), निवासी ग्राम हसनपुर थाना पलासी जिला अररिया के रूप में हुई है।
टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार छापेमारी और गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई में सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार, एएसआई दिलीप कुमार, एएसआई सरोज कुमार सिंह सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने जब्त शराब और दोनों मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नेपाल सीमा से सटे इलाकों में पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी शराब तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।




























