किशनगंज /सागर चन्द्रा
छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के साथ साथ छेड़छाड़ की घटनाओं पर विराम लगाने के लिए पुलिस के द्वारा शहर में पिंक पेट्रोलिंग की शुरुआत की गई थी। लेकिन कतिपय कारणों से यह व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य नहीं कर रही है। जिसका खामियाजा स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
स्कूल और कॉलेज में छुट्टी के बाद अक्सर मनचले राह होकर गुजरने वाली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं और उनपर भद्दी फब्तियां कसते हैं। डुमरिया गर्ल्स हाई स्कूल, नेशनल स्कूल, मारवाड़ी कॉलेज, महिला कॉलेज, सुभाषपल्ली, डुमरिया ओवरब्रिज आदि स्थानों पर मनचले छात्राओं को अपना निशाना बनाते हैं।
छात्राओं व अभिभावकों के साथ साथ विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के द्वारा शिकायत किये जाने के बाद शुक्रवार को महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी के नेतृत्व में महिला पुलिस ने शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थान के आसपास बेवजह मंडरा रहे युवकों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आई। हालांकि पुलिस ने उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। इस मौके पर महिला थानाध्यक्ष ने छात्राओं से रूबरू होते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के प्रताड़ना की शिकायत वे बेझिझक कर सकते हैं।
पुलिस मामले को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी। इस मौके पर महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी के साथ साथ एस आई मासूम कुमारी, प्रशिक्षु एस आई पूनम कुमारी, अनुष्का रानी, सीमा कुमारी आदि मौजूद थे।