बिहार /मुंगेर
मुंगेर के बरियारपुर थाने में हुए गोलीबारी में पुलिस की ही गोली से एक होमगार्ड जवान की मौत का मामला प्रकाश में आया है।बताया जाता है कि मृतक जवान छुट्टी नहीं मिलने से नाराज और परेशान था। सोमवार रात 11:30 बजे मो. जाहिद (54) अपना सर्विस रायफल लेकर बाथरूम में बंद होकर अचानक हवाई फायरिंग करने लगा। गोलियों की आवाज सुनते ही थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। संतरी पोस्ट पर तैनात जवानों को लगा कि नक्सली हमला हुआ है। थानेदार ने एसपी को सूचना दी। एसपी मानवजीत सिंह डिल्लो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाल लिया।
जानकारी के मुताबिक पुलिसकर्मी बाथरूम में बंद होमागार्ड के जवान को पहचान नहीं पाए और गोलीबारी कर रहे उस शख्स को सरेंडर करने के लिए कहा। तभी उधर से आवाज आई कि आगे मत बढ़ना नहीं तो गोली मार दूंगा। इसके बाद बाथरूम में बंद होमगार्ड जवान ने फिर से गोली चला दी। पुलिसकर्मी जवाबी फायरिंग करने लगे। तभी बाथरूम के दरवाजे को भेदते हुए एक गोली मो.जाहिद के सीने में जा लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद जब पुलिसकर्मी अंदर गए और उसके मुंह से गमछा हटाया तो पता चला कि ये होमगार्ड था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआईजी भी मौके पर पहुंचे और जांच की है ।उन्होंने बताया कि बाथरूम से 9 खोखे बरामद हुए है। जांच के दौरान यह बात सामने आ रहे है कि होमगार्ड जवान पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। पुलिसकर्मी और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। एसपी को जांच का निर्देश दिया गया है।
मृतक की पत्नी गुड़िया के अनुसार उनके पति की तबियत कई दिनों से खराब चल रही थी। थाना में अधिकारियों से इलाज के लिए छुट्टी मांगी थी। लेकिन, उन्हें छुट्टी नहीं दी जा रही थी। 2 दिन पहले भी वह अपने पति को छुट्टी दिलाने के लिए एक पुलिस अधिकारी से मिली थी। इसके बाद सोमवार को मुंगेर से दवा लेकर बरियारपुर पहुंची और फिर से अपने पति के लिए छुट्टी मांगी। लेकिन छुट्टी देने से मना कर दिया गया। आज पता चला कि उनके पति की पुलिस द्वारा चलाई गई गोली लगने से मौत हो गई।
SP मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि सोमवार रात 11:30 बजे सूचना मिली कि बरियारपुर थाना पर हमला हो गया। जिसके बाद भारी संख्या में फोर्स द्वारा पूरे थाना को घेर कर पोजीशन ली गई। आसपास के लोगों को अपने घरों में सुरक्षित रहने की हिदायत दी गई। ड्रैगन लाइट से सर्च के पता चला कि थाने के एक कोने से रह-रह कर फायर हो रही थी। पुलिस द्वारा जवाबी फायर में एक व्यक्ति को गोली लगी। इसके बाद गोली चलनी बंद हो गई। जांच करने पर पता चला कि मृतक होमगार्ड जवान था। SP के अनुसार 3 दिन पहले ही थाना के कैदियों की स्कॉट के लिए उसे नियुक्त किया गया था।SP ने कहा कि पुलिस द्वारा 23 राउंड और होमगार्ड द्वारा 10 राउंड गोलियां चलीं। बरियारपुर थानाध्यक्ष के बयान पर FIR दर्ज की गई है। पूरे मामले की रिपोर्ट मानवाधिकार आयोग को भेजी जा रही है। शूटआउट करीब डेढ़ घंटे तक चली। शव के पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की टीम गठित की गई है।
एसपी ने बताया कि जवान द्वारा ऐसा क्यों किया गया, इसकी जांच की जा रही है। मंगलवार सुबह मामले की जांच करने के लिए FSL की टीम बरियारपुर थाना पहुंच गई। टीम ने थाना परिसर सील कर दिया। एक जगह की बारी-बारी जांच की और साक्ष्य जुटाए। टीम ने बाथरूम और आसपास के जगहों को चिह्नित किया है ।






























