पूर्व बर्धमान जिले के मेमारी थाना क्षेत्र से जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से कथित रूप से जुड़े संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की हुई गिरफ्तारी
झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता सरकार नामक एक युवती को भी गिरफ्तार किया गया
कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हमीम मंडल के रूप में हुई है। इसकी गिरफ्तारी पूर्वी वर्धमान जिले से हुई है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि उसके पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से संपर्क के संकेत मिले हैं और वह राज्य के कुछ प्रमुख नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रहा था।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन सहित कई डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में संवेदनशील सूचनाएं और संदिग्ध डिजिटल सामग्री मिलने की बात सामने आई है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था या अकेले काम कर रहा था।
जांच के दौरान झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता सरकार नामक एक युवती को भी गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोपी की मदद करने तथा कथित तौर पर हनी ट्रैप के जरिए राजनीतिक हस्तियों से जुड़ी जानकारियां जुटाने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों आरोपियों के बीच संपर्क, विदेशी कनेक्शन और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से संपर्क के इनपुट मिलने के बाद केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राज्य के संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
नोट:खबर में सांकेतिक तस्वीर प्रकाशित की गई है।


























