यात्रियों की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
कटिहार – रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने शनिवार को सिंहाबाद रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर रेल प्रशासन की कार्यशैली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न विकास एवं रखरखाव कार्यों की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार डीआरएम श्री नरह ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित रेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीआरएम किरेंद्र नरह अपने कर्तव्यनिष्ठ, सक्रिय और संवेदनशील कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
वे लगातार अपने रेल आधिकारिक टीम के साथ कटिहार रेल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों का दौरा कर विकास योजनाओं की प्रगति की स्वयं समीक्षा कर रहे हैं। उनके नियमित निरीक्षण से न केवल लंबित परियोजनाओं में तेजी आई है। बल्कि रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम श्री नरह के साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस. वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय प्रभात कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता पंकज पाल सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।



























