किशनगंज /प्रतिनिधि
पोठिया प्रखंड सभागार में शनिवार को राशन कार्डों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक मो. कमरुल होदा ने की। इसमें प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ), जनवितरण प्रणाली के डीलर एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विधायक श्री हुदा ने बताया कि केंद्र सरकार के अनुसार बिहार में करीब 57 लाख राशन कार्डधारियों को संदिग्ध (सस्पेक्टेड) लाभुकों की श्रेणी में रखा गया है। इसी के तहत बिहार सरकार सभी जिलों में राशन कार्डों की समीक्षा कर रही है। समीक्षा के दौरान अब तक राज्य में 32 लाख से अधिक लाभुकों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा चुके हैं।
पोठिया प्रखंड में भी 17,216 लाभुकों के नाम राशन कार्ड से हटाए जाने का मामला बैठक में प्रमुखता से उठा। विधायक श्री हुदा ने इसे गंभीर विषय बताते हुए सभी डीलरों की बातें सुनीं और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम बिना उचित कारण राशन कार्ड से नहीं हटाया जाए। साथ ही निष्पक्ष जांच कर योग्य लाभुकों का नाम पुनः जोड़ने और आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जैसे ही राशन कार्ड से संबंधित पोर्टल खुलेगा, सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभुकों के नाम जोड़े जाएंगे तथा अन्य त्रुटियों का भी निराकरण किया जाएगा। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।






















