कोढा /कटिहार-मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कोलासी पुलिस शिविर अंतर्गत मधुरा,नक्कीपुर करमू टोला एवं नक्कीपुर कॉलोनी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने की। बैठक में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, मुहर्रम कमेटी के सदस्य, खलीफा,कमेटी मेंबर एवं मेला मालिक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मुहर्रम जुलूस, ताजिया निकालने की व्यवस्था, रूट निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
कोलासी प्रभारी श्रवण कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी परिस्थिति में इसका उपयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान पारंपरिक तरीके से ही आयोजन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखें।
“मुहर्रम आस्था और अनुशासन का पर्व है, इसे शांति और मर्यादा के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का ही पालन किया जाएगा और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
साथ ही सभी कमेटी सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा मुहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।



























