हसनगंज /कटिहार – हसनगंज प्रखंड के जगरनाथपुर पंचायत के वार्ड संख्या 09 के तरबन्ना गांव निवासी गोविंद उरांव(30) की मखाना खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली ठनका की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जबकि मृतक के घर पर परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
मृतक के पिता महीराम उरांव एवं सरपंच तल्लु हेंब्रम व समाजसेवी आयुष कुमार ने बताया कि गोविंद उरांव जगरनाथपुर बहियार स्थित मखाना खेत में मखाना छाकने निकालने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली उसी स्थान पर गिरी, जहां गोविंद काम कर रहा था। बिजली की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर अवस्था में गोविंद उरांव को इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गोविंद उरांव अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र,एक पुत्री तथा वृद्ध माता-पिता हैं, जिनका पूरा भरण-पोषण उसी की आय पर निर्भर था।
उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और भविष्य को लेकर परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना की सूचना मिलते ही हसनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत शीघ्र सरकारी मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।



























