मनिहारी /कटिहार – मनिहारी प्रखंड के नवाबगंज की होनहार बेटी सौम्या कुमारी ने रांची में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन तीरंदाजी चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालिका वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया। अपनी सटीक निशानेबाजी और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर सौम्या को प्रतियोगिता का प्रतिष्ठित ‘बेस्ट आर्चर’ अवॉर्ड भी प्रदान किया गया।
इस शानदार उपलब्धि के साथ सौम्या का चयन अब सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जिसका आयोजन हरियाणा के पानीपत में किया जाएगा। उनकी सफलता से पूरे नवाबगंज, मनिहारी और कटिहार जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने कहा कि सौम्या ने पूरे मनिहारी का मान बढ़ाया है और उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं। भाजपा नेता संजय मंडल ने सौम्या को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए स्वर्णिम सफलता की कामना की। वहीं मुखिया कामता प्रसाद सिंह ने कहा कि नवाबगंज की इस गौरवशाली उपलब्धि पर पूरा पंचायत गर्व महसूस कर रहा है और पंचायत स्तर पर सौम्या का सम्मान किया जाएगा। मनिहारी की इस बेटी की स्वर्णिम उड़ान ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की नहीं, हौसलों की मोहताज होती है।



























