बेटी की हत्या मामले में पिता ने पत्नी और छोटी बेटी पर दर्ज कराई प्राथमिकी

SHARE:

जोकीहाट थाना में आवेदन देकर लगाया साजिश के तहत हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

अररिया/अरुण कुमार

अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के पिता मोहिदीन ने अपनी पत्नी फातिमा और छोटी बेटी आशियाना के विरुद्ध जोकीहाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने दोनों पर साजिश रचकर बड़ी बेटी जुमनी की धारदार हथियार से हत्या कराने का आरोप लगाया है।

आवेदन में पिता ने बताया कि 3 अगस्त की सुबह करीब तीन बजे बड़ी बेटी जुमनी का शव कमरे में मिला, जिसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि घटना से एक दिन पहले पड़ोसी अजीज की बकरी खेत में घुसने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उनकी पत्नी फातिमा ने कथित रूप से कहा था कि इस झगड़े का परिणाम अजीज और उसके परिवार को भुगतना पड़ेगा। पिता का आरोप है कि इसी साजिश के तहत उनकी पत्नी और छोटी बेटी ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर जुमनी की हत्या की और पड़ोसी परिवार को झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना के समय मुख्य दरवाजा अंदर से सुरक्षित बंद था और कमरे की कुंडी टूटी नहीं थी। साथ ही, मृतका के बगल में सो रही छोटी बेटी ने किसी तरह की हलचल महसूस नहीं की, जिससे उन्हें घटना पर संदेह हुआ।

जोकीहाट थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर कांड संख्या 326/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं की वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!