जैन संस्कार विधि से मना सामूहिक जन्मोत्सव, संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का दिया संदेश

SHARE:


मुंबई: अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के तत्वावधान में जैन संस्कार विधि के माध्यम से सामूहिक जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जैन संस्कार विधि के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जीवन के शुभ अवसरों को धार्मिक एवं संस्कारमय वातावरण में मनाने की परंपरा को प्रोत्साहित करना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल भावना यंत्र की स्थापना से हुआ। परिषद के अध्यक्ष सुमीत सुराणा ने यंत्र की स्थापना की, जबकि जैन संस्कारक अशोक बरलोटा ने विधिवत जैन संस्कार विधि संपन्न कराते हुए सामूहिक जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंत्रों का सामूहिक उच्चारण किया।


इस अवसर पर राहुल मेहता, यशविन जैन, भविष्या संघवी, पुरण चपलोत एवं राखी चपलोत ने जैन संस्कार विधि के माध्यम से अपना जन्मोत्सव मनाया। सामूहिक आयोजन से पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिक उल्लास और उत्साह का वातावरण बना रहा।


जैन संस्कारक अशोक बरलोटा ने कहा कि जैन संस्कार विधि केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जैन संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी परिवारों से जन्मोत्सव, विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य शुभ अवसरों को जैन संस्कार विधि के अनुसार संपन्न कराने का आह्वान किया।


परिषद अध्यक्ष सुमीत सुराणा ने कहा कि संस्कारों से जुड़ी परंपराओं को जीवित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जैन संस्कार विधि के माध्यम से नई पीढ़ी में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों का विकास किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे संस्कारमय आयोजनों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई। अंत में मंगलभावना के साथ सभी जन्मोत्सव मना रहे सदस्यों के सुख, स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम का आभार ज्ञापन तेयुप दक्षिण मुंबई के मंत्री श्रेयांस मुनोत ने किया। समाचार प्रेषक नितेश धाकड़ एवं दर्शन डागलिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!