प्रेम-प्रसंग में घर से भागी युवती की हत्या मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मां-बेटे गिरफ्तार

SHARE:

एसपी संतोष कुमार खुद कर रहे कांड की निगरानी, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी

पोठिया/किशनगंज/राज कुमार

पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्था गांव में प्रेमी के साथ छह माह पूर्व घर से भागी युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार स्वयं पूरे कांड की निगरानी कर रहे हैं। गुरुवार को एसपी संतोष कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच की और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान ठाकुरगंज एसडीपीओ टू मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।


एसपी के निर्देश के बाद पहाड़कट्टा पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार एवं छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेष कुमार ने पुलिस बल के साथ गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी मंसूर के घर से उसकी पत्नी फिरदोस और पुत्र मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


गौरतलब है कि कोल्था गांव में युवती का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका के पिता ने प्रेम-प्रसंग से जुड़े इस मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए मंसूर सहित अन्य नौ लोगों के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि युवती की हत्या की गई है। वहीं घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। एसपी संतोष कुमार स्वयं इस संवेदनशील मामले पर नजर बनाए हुए हैं और फरार अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई