कटिहार – बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले परिक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा संचालित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का लाभ हजारों परीक्षार्थियों ने उठाया। कटिहार जंक्शन पर बुधवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही के बावजूद जिला प्रशासन के साथ रेलवे प्रशासन, आरपीएफ एवं जीआरपी की सतर्कता के कारण रेल परिचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रहा।रेल एसपी हरिशंकर कुमार एवं आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के संयुक्त दिशा-निर्देश पर कटिहार स्टेशन सहित विभिन्न रेल परिसरों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
स्टेशन पर हजारों की संख्या में पहुंचे परिक्षार्थियों के बीच सुरक्षा बलों के अधिकारी एवं जवान लगातार मुस्तैद रहे। प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर लंबी कतारों के बीच यात्रियों की निगरानी की गई तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष चौकसी बरती गई। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग स्वयं वरीय सुरक्षा अधिकारियों द्वारा की जा रही थी।
वहीं डीआरएम किरेंद्र नरह के मार्गदर्शन एवं सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर वाणिज्य विभाग के कर्मियों द्वारा स्टेशन परिसर में लगातार उद्घोषणा कर अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश दिए जाते रहे।सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से अभ्यर्थियों को काफी सुविधा मिली और भीड़ का बेहतर प्रबंधन संभव हो सका। कड़ी सुरक्षा, बेहतर यात्री प्रबंधन एवं रेलवे कर्मियों की सक्रियता के बीच कटिहार स्टेशन पर परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




























