डीएम,एडीएम सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने लिया जायजा
कटिहार – सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा उससे जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर माह के तीसरे मंगलवार को जिले के सभी प्रखंडों के एक पंचायत में “सहयोग शिविर” एवं प्रखंडस्तर पर सहयोग-सह- जन कल्याण शिविर” का आयोजन किया गया।
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने हसनगंज प्रखंड अंतर्गत जगरनाथपुर प्राथमिक विद्यालय परिसर, मानापुर एवं डंडखोरा प्रखंड अंतर्गत द्वाशय पंचायत भवन में “सहयोग शिविर” तथा दोनों प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित प्रखण्ड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में भाग लेकर आमजनों की समस्याओं के निष्पादन का जायजा लिया एवं लाभुकों को समस्याओं के समाधान का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया। शिविरों को संबोधित करते हुए डीएम ने आयोजन के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से आमजनों को अपनी शिकायतें, समस्याएं एवं सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने तथा उनका समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करना है। डीएम ने कहा कि 17 एवं 18 जून को भी जिले के सभी प्रखंडों में प्रखण्ड सहयोग -सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसका उद्देश्य आमजनों की समस्याओं को एकत्रित कर 30 दिनों के अंदर समाधान करना है।
उन्होंने लोगों से अधिक से संख्या में आवेदन देकर लाभ लेने की अपील की।शिविरों में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टाॅल लगाये गये थे। जिले में सहयोग शिविरों के माध्यम से 16.06.2026 को कुल 7418 आवेदन प्राप्त हुए।
जिसमें 6632 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। शेष आवेदनों को भी शीघ्र निष्पादित कर सेवा संवाद समाधान पोर्टल पर अपडेट कर दिया जाएगा। इस क्रम में अपर समाहर्ता डाॅ. बिनोद कुमार,वरीय उपसमाहर्ता नैमिष कुमार सहित नोडल पदाधिकारी साथ रहे।




























