पटना:राज्य की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने बुधवार को भू-अर्जन कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा रेलवे से जुड़े अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान मंत्री डॉ. जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं रेलवे परियोजनाएं राज्य के विकास की रीढ़ हैं और इन्हें तय समयसीमा में पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में सभी जिलों के जिला भू-अर्जन पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भू-अर्जन से संबंधित सभी परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी अनिवार्य रूप से MIS Portal पर दर्ज करें, ताकि कार्यों की सतत निगरानी और समीक्षा की जा सके। मंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित मॉनिटरिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन में मदद मिलेगी।
बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह, सचिव सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव प्रशांत सीएच, भू-अर्जन निदेशालय के निदेशक कमलेश कुमार सिंह, सहायक निदेशक सह अपर सचिव आजीव वत्सराज, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी, सहायक भू-अर्जन पदाधिकारी कमल नयन कश्यप, पंकज कुमार झा, मनोज गुप्ता, अवर सचिव शिव जी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



























