नामांकन के दूसरे दिन हुए आठ नामांकन
नामांकन की अंतिम तिथि है 19 जून
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत किशनगंज जिला अंतर्गत नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन में बुधवार को विवाहित महिला आरती कुमारी प्रथम छात्रा के रूप में नामांकित हुई और इस तरह कॉलेज में नामांकन का खाता खुल गया। नामांकन के दूसरे दिन आठ नामांकन हुए। यह कॉलेज पूर्णियाँ विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई है। कॉलेज में यूजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 में फिलहाल छह विषयों की पढ़ाई होगी।
कॉलेज में प्रथम नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद उपस्थित छात्र-छात्राओं सहित कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल बन गया। प्रधानाचार्य प्रो.(डॉ.) सजल प्रसाद ने इस मौके पर प्रथम छात्रा को लड्डू खिलाया और उपस्थित छात्र-छात्राओं को लड्डू वितरित किए। इस मौके पर असिस्टेंट प्रोफेसर – सह – समर्थ नोडल पदाधिकारी प्रकाश रंजन दीन, कर्मी राजीव कुमार गुप्ता, +2 उच्च विद्यालय, धनपुरा के प्रिंसिपल अरशद आज़म फारुकी खास तौर पर मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य ने कहा कि महामहिम राज्यपाल-सह – कुलाधिपति एवं मुख्यमंत्री के प्रखंड स्तरीय महाविद्यालय की स्थापना के ऐतिहासिक निर्णय का प्रतिफल ही है कि विवाहित महिला आरती अब अपने ही प्रखंड में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना साकार कर सकेगी।
प्रो.प्रसाद ने कहा कि पूर्णियाँ विश्वविद्यालय, पूर्णियाँ के कुलपति प्रो.(डॉ.) विवेकानन्द सिंह ने 16 जून को वर्चुअल मीटिंग करके नवसृजित प्रखंड स्तरीय महाविद्यालयों सहित सभी पुराने कॉलेजों में समर्थ पोर्टल से नामांकन प्रक्रिया संपन्न करने के जरूरी टिप्स दिए। कुलपति के निर्देश पर नामांकन और पंजीयन एक साथ ही किए जा रहे हैं।
कुलपति के निर्देशानुसार सभी वर्गों की छात्राओं सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों का निःशुल्क नामांकन हो रहा है। अन्य वर्गों के छात्रों को नामांकन शुल्क 2255 रुपए देय है और सभी नामांकित छात्र-छात्राओं के लिए पंजीयन शुल्क के रूप में 600 रुपए देय है।
बैंक चालान के माध्यम से शुल्क प्राप्त होने के बाद कॉलेज द्वारा छात्र – छात्राओं को मुद्रित रसीद दी गई। नामांकन की अंतिम तिथि 19 जून निर्धारित है।


























