मनिहारी /कटिहार – आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नवाबगंज पंचायत भवन में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पर्व के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार, थाना अध्यक्ष संतोष कुमार झा, इंस्पेक्टर पप्पू कुमार सिंह, मुखिया कामता प्रसाद सिंह, पूर्व मुखिया प्रदीप सिंह, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार, कांग्रेस नेता साजिद आलम, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मंजय कुमार साह, सरपंच प्रतिनिधि पांडव कुमार सिंह, पूर्व सरपंच विनोद कुमार सिंह, एकलाख हुसैन, शाकिर हुसैन, अलाउद्दीन आलम, निरंजन यादव, खलीफा अनवर अंसारी, समाजसेवी आलमगीर आलम एवं आजाद कावड़ी सहित अन्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने तथा मनिहारी की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील की।
वहीं थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने सभी लाइसेंसधारी खलीफाओं से 24 तारीख से पूर्व आवश्यक दस्तावेज थाना में जमा कराने का आग्रह किया, ताकि प्रशासनिक प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें और पर्व का आयोजन बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने आपसी सद्भाव, भाईचारे और प्रशासन के सहयोग से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।



























