पटना/कटिहार – विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर बिहार पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन पटना में भूमिका विहार की ओर से निर्मित “बिहार का शौर्य: बिहार पुलिस” लघु फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग सफलतापूर्वक आयोजित की गई। यह फिल्म मोरल पुलिसिंग विषय पर आधारित है तथा समाज में बढ़ती चुनौतियों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने और संवेदनशील पुलिसिंग की भूमिका को रेखांकित करती है।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपराध अनुसंधान विभाग कमजोर वर्ग की अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती के. सुहिता अनुपम, अपराध अनुसंधान विभाग कमजोर वर्ग के पुलिस उप महानिरीक्षक आमिर जावेद तथा अपराध अनुसंधान विभाग सीआईडी क्राईम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पारस नाथ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बिहार पुलिस द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम, कमजोर वर्गों की सुरक्षा तथा जन-जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया गया। लघु फिल्म के माध्यम से नागरिकों, युवाओं एवं समुदायों के बीच कानून के प्रति सम्मान, लैंगिक संवेदनशीलता तथा सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश मजबूत किया गया। भूमिका विहार एवं बिहार पुलिस का यह संयुक्त प्रयास मानव तस्करी एवं सामाजिक अपराधों के विरुद्ध जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



























