विजय कुमार साह / टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय में डीआरडीए निदेशक शशिम सौरभ मणि ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी आवास सहायकों एवं आवास पर्यवेक्षकों के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। निदेशक ने निर्देश दिया कि प्रथम किस्त प्राप्त कर चुके लाभुकों को शीघ्र द्वितीय एवं तृतीय किस्त प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराते हुए आवास निर्माण समय पर पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभुकों ने अब तक आवास निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी किया जाए। इसके बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं करने वालों के विरुद्ध नीलाम पत्र दायर कर राशि वसूली की कार्रवाई की जाए।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक शंभू मोदक, लेखापाल किशन सिंह तथा सभी आवास सहायक उपस्थित रहे। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।



























