मोहर्रम को लेकर टेढ़ागाछ थाना में शांति समिति की बैठक, असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर

SHARE:

विजय कुमार /टेढ़ागाछ

आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार, अंचलाधिकारी (सीओ) शशि कुमार एवं थानाध्यक्ष इरशाद खा ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में अधिकारियों ने मोहर्रम कमेटी के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय बुद्धिजीवियों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, विधि-व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ऐसे तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे और अनुशासन का पर्व है। सभी लोगों को प्रशासन का सहयोग करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना चाहिए। वहीं अंचलाधिकारी शशि कुमार ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देकर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।


थानाध्यक्ष इरशाद खा ने बताया कि मोहर्रम जुलूस एवं अन्य गतिविधियों की निगरानी के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) भी प्रतिनियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की।

बैठक में मौजूद मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई