संवाददाता/किशनगंज
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पेयजल आपूर्ति योजनाओं, जल गुणवत्ता की निगरानी तथा हर घर नल का जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा हर घर नल का जल योजना की क्रियाशीलता की प्रखंडवार समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के अंतर्गत जल गुणवत्ता की नियमित जांच की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही फील्ड टेस्टिंग किट की उपलब्धता एवं उसके माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण की प्रगति पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जल गुणवत्ता परीक्षण नियमित रूप से किया जाए तथा जांच प्रतिवेदनों का अद्यतन संधारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालयों में टैप वाटर (नल जल) की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शैक्षणिक एवं पोषण संस्थानों में सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों एवं लाभार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
बैठक में हर घर नल का जल योजना से संबंधित विद्युत विपत्रों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं में कार्यरत पंप चालकों के मानदेय/भुगतान की स्थिति पर भी चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित चापाकलों की साधारण मरम्मति एवं रखरखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि खराब चापाकलों की मरम्मति प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि आमजन को पेयजल संबंधी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं जिला जल एवं स्वच्छता समिति से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर पेयजल योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं शत-प्रतिशत कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



























