किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.40 करोड़ की हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

तस्करों की संपत्ति होगी जब्त

संवाददाता/किशनगंज

जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कारवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से 698.5 ग्राम हेरोइन, 22,400 रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि 14/15 जून की रात एक तस्कर गिरोह पश्चिम बंगाल से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर किशनगंज में डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।


सोमवार अहले सुबह किशनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर चेक पोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन विशेष टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर वाहन से 698.5 ग्राम हेरोइन, 22,400 रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।


गिरफ्तार तस्करों में श्याम लाल हरिजन (25 वर्ष), पिता-पंचानंदलाल हरिजन, ग्राम कैरी बीरपुर, थाना विशनपुर, हुसैन आरजू (31 वर्ष), पिता-मेहबूब आलम, ग्राम मैनेजर टोला डोहर, थाना बहादुरगंज तथा मो. आलम उर्फ भोला सिंह (45 वर्ष), वर्तमान निवासी चुड़ीपट्टी, थाना बहादुरगंज शामिल हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है तथा बरामद हेरोइन के स्रोत और नेटवर्क की जांच कर रही है।


इस संबंध में किशनगंज थाना कांड संख्या 634/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 112 एवं एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 18(c), 21(c), 29 और 31 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज ने कहा कि तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई