विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ
प्रखंड क्षेत्र के सुहिया हाटगांव पंचायत के वार्ड संख्या 14 में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बिजली पोल में करंट प्रवाहित होने के कारण एक दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी पक्की लाल सिंह सुबह अपनी दुधारू गाय को खेत में बांधकर घर लौट आए थे।
करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने देखा कि खेत के समीप स्थित बिजली पोल में करंट प्रवाहित हो रहा है और गाय उसकी चपेट में आ गई है। ग्रामीणों ने तत्काल पक्की लाल सिंह को फोन कर घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही पक्की लाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि उनकी दुधारू गाय की करंट लगने से मौत हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मृत गाय परिवार की आय का प्रमुख स्रोत थी, जिससे उन्हें आर्थिक झटका लगा है।पक्की लाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी दूरभाष के माध्यम से बिजली विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सक द्वारा मृत गाय का पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि मृत्यु के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सके।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पोल में अर्थिंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने विभाग से क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था की जांच कर आवश्यक सुधार करने तथा पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।




























