संवाददाता/किशनगंज
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की जून-2026 सत्रांत परीक्षा देशभर के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर संचालित हो रही है। मारवाड़ी कॉलेज में भी यह परीक्षा 1 जून से प्रारंभ होकर 21 जुलाई तक आयोजित की जा रही है।
परीक्षा का जायजा लेने के लिए इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, सहरसा के क्षेत्रीय निदेशक प्रो. निहाल बेग आज मारवाड़ी कॉलेज पहुंचे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार तथा इग्नू समन्वयक डॉ. अश्विनी कुमार ने उनका स्वागत किया।
क्षेत्रीय निदेशक ने परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन, अनुशासन, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया और केन्द्र पर उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि 17 एवं 24 जून को मारवाड़ी कॉलेज में सिपाही भर्ती परीक्षा आयोजित होने के कारण इन दोनों तिथियों के लिए इग्नू परीक्षा केन्द्र को अस्थायी रूप से इंसान डिग्री कॉलेज, किशनगंज स्थानांतरित किया गया है।
इसी क्रम में प्रो. निहाल बेग तथा डॉ. अश्विनी कुमार ने इंसान डिग्री कॉलेज पहुंचकर वहां की परीक्षा तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सफल एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



























