ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खरीफ मौसम की खेती के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को ठाकुरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि कार्यालय सभागार में प्रखंड स्तरीय शारदीय (खरीफ) कर्मशाला-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे किसानों ने भाग लेकर कृषि विशेषज्ञों से उन्नत खेती की बारीकियां सीखीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनुज कुमार शर्मा ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं तथा अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
कर्मशाला में डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय, अर्राबाड़ी के कृषि वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों के उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने उन्नत बीजों के चयन, रोग एवं कीट प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, मौसम आधारित खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही धान, मक्का एवं अन्य खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती के तरीकों से किसानों को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कुकुरबाघी पैक्स अध्यक्ष शिव प्रसाद महतो ने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। कृषि समन्वयक धर्मवीर प्रसाद एवं स्वर्ण किरण कुमार ने विभिन्न कृषि योजनाओं और अनुदान पर उपलब्ध कृषि उपादानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि सलाहकार हेमंत कुमार, गणेश पंकज कर्मकार, जुल्फिकार आलम, अशोक यादव, हरिप्रसाद साहा, योगेंद्र प्रसाद सिंह, इफ्तेखार आलम तथा आत्मा के प्रखंड अध्यक्ष सुभान सानी समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान किसानों के बीच कृषि उपादानों का वितरण भी किया गया। किसानों ने इस प्रकार की कार्यशालाओं को ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।


























