मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर और तकदीर : डॉ. दिलीप जायसवाल

SHARE:

राजेश दुबे/किशनगंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने पर शहर के धर्मगंज मांझिया स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का कार्य किया है। जनता के विश्वास और सरकार के सेवा भाव के कारण ही लगातार तीसरी बार एनडीए को जनसमर्थन मिला है।


उन्होंने कहा कि आज 22 राज्यों में एनडीए की सरकार है।उन्होंने कहा कि जनधन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। डिजिटल गवर्नेंस और डीबीटी के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है तथा करोड़ों रुपये की बचत हुई है।


डॉ. जायसवाल ने कहा कि देश में सड़क, रेल, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, नए हवाई अड्डों का निर्माण तथा भारतनेट परियोजना के माध्यम से गांवों तक इंटरनेट पहुंचाना सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं।


उन्होंने बताया कि पीएम किसान योजना के तहत किसानों को सीधे आर्थिक सहायता दी गई है, जबकि मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना से छोटे उद्यमियों और कारीगरों को सशक्त बनाया गया है। महिलाओं के लिए उज्ज्वला, लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं ने आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है।


सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और जनजातीय गौरव दिवस जैसे कदमों ने देश के गौरव को नई पहचान दी है।


उन्होंने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ते विदेशी निवेश और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की मजबूत उपस्थिति ने देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। डॉ जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों के आंकड़े नहीं, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की एक सफल यात्रा हैं।

डॉ जायसवाल ने कहा कि पटना से किशनगंज रैपिड रेल प्रोजेक्ट का सारा रोड मैप तैयार हो चुका है और एक घंटे में लोग पटना से किशनगंज पहुंचेंगे ।अररिया गलगलिया रेल लाइन पर परिचालन शुरू हो चुका है साथ ही किशनगंज जलालगढ़ रेल लाइन का भी काम शुरू होने वाला है जिससे इस क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी। डॉ जायसवाल ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के जरिए भारत ने यह सिद्ध कर दिया है कि अब पहले वाला हिंदुस्तान नहीं है।

उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि घुसपैठियों के खिलाफ सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और अब घुसपैठिए खुद भाग रहे हैं।पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, हरिराम अग्रवाल, राजेश गुप्ता, सोनी देवी,सरदार लक्खा सिंह, शिशिर कुमार दास,सुबोध महेश्वरी,संजय उपाध्याय,मनीष सिन्हा, अंकित कौशिक,अरविंद मंडल, जय किशन प्रसाद, श्यामल दास,कौशल झा, कौशल आनंद,शिव नारायण यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!