पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
पोठिया प्रखंड अंतर्गत अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके को गहरे सदमे मे डाल दिया है। महिला का शव मक्के के खेत से अर्धनग्न अवस्था में बरामद होने के बाद जहां एक ओर आम लोगों में आक्रोश है, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों की सक्रियता भी तेज हो गई है। इसी कड़ी में ठाकुरगंज विधानसभा के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल शुक्रवार को घटना स्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
गांव पहुंचते ही विधायक सीधे पीड़ित परिवार के घर गए। वहां का माहौल बेहद गमगीन था। परिजन रो रोकर बेसुध थे। विधायक ने परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को अंत तक उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की आत्मा को झकझोरने वाली है।
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए और इस केस से जुड़े सभी कानूनी खर्च का वहन प्रशासन को करना चाहिए।
मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा, यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। जिस तरह से एक महिला के साथ बर्बरता की गई है, वह किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और दोषियों को उनके किए की सजा मिले।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी तत्व इलाके की शांति को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यहां मेहमान बनकर आकर न सिर्फ जमीन पर कब्जा कर रहे हैं बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि इलाके में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। चाहे मामला पोठिया का हो, दिघलबैंक का हो या ठाकुरगंज का, अधिकांश मामलों में एक ही तरह के पैटर्न सामने आ रहे हैं और एक ही समुदाय के लोगो के द्वारा ऐसा किया जा रहा हैं। प्रशासन को इस पर गंभीरता से ध्यान देना होगा। उन्होंने स्थानीय सुरजापुरी लोगों से भी अपील की कि वे एकजुट रहें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान जदयू के जिलाध्यक्ष फैसल अहमद भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा यह बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। प्रशासन को तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में डर का माहौल बनता है, जिसे खत्म करना जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजेगी।
वहीं किशनगंज नगर परिषद के चेयरमैन इन्द्रदेव पासवान ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे इलाके के लिए चिंता का विषय है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और जल्द से जल्द दोषियों को सजा दिलाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी और स्थानीय स्तर पर भी सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
इधर, गांव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद से लोग आक्रोशित हैं और लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। कई ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब बर्दाश्त के बाहर हो चुकी हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
वही घटना के बाद पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय है। मौके पर लगातार पुलिस बल का दौरा जारी है और हालात पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।




























