फारबिसगंज/बिपुल विश्वास
बकाया मानदेय के भुगतान सहित तीन सूत्री मांगों के समर्थन में शुक्रवार को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलेटरों ने एक दिवसीय सत्याग्रह कार्यक्रम के तहत धरना-प्रदर्शन किया।
धरना कार्यक्रम की अगुवाई अध्यक्ष रीना कुमारी ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष रेणुका रिया ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
वक्ताओं ने कहा कि पिछले आठ महीनों से उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनके परिवार के भरण-पोषण में गंभीर कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने सरकार से जल्द बकाया राशि भुगतान करने की मांग की।
इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी अन्य मांगों में सेवानिवृत्ति की उम्र सीमा 65 वर्ष करने, आशा एवं आशा फैसिलेटरों के लिए सेवानिवृत्ति पैकेज लागू करने तथा पेंशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




























