शैक्षणिक परिभ्रमण से लौटे विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव

SHARE:

प्रकृति और जैव विविधता की मिली जानकारी

बरारी/कटिहार – मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक परिभ्रमण लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय विशनपुर और मध्य विद्यालय बकिया के छात्र-छात्राओं ने परिभ्रमण से लौटने के बाद अपने अनुभव साझा किए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंकर दास के नेतृत्व में विद्यार्थियों को अररिया जिले के कुसियार गांव स्थित बायो डायवर्सिटी पार्क का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पार्क में मौजूद विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधों, वनस्पतियों और जैव विविधता के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्राकृतिक संसाधनों को नजदीक से देखकर विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और जिज्ञासा साफ दिखाई दे रही थी। प्रधानाध्यापक शंकर दास ने बताया कि इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य बच्चों को किताबों की दुनिया से बाहर निकालकर इतिहास,संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर से परिचित कराना है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं होती। बल्कि वास्तविक जीवन के अनुभव भी विद्यार्थियों के ज्ञान को समृद्ध बनाते हैं। परिभ्रमण के सफल आयोजन में शिक्षक शुभम सांडिल्य,रोहन राज जितेंद्र कुमार यादव और प्रीति कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विद्यालय परिवार ने शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परिभ्रमण से लौटे विद्यार्थी अमन कुमार, अंशु कुमारी,राजू कुमार और कोमल कुमारी ने बताया कि इस यात्रा से उन्हें यह सीखने को मिला कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है तथा बाहर जाकर प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण के बारे में नई जानकारी प्राप्त होती है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई