मनिहारी में पैक्स चुनाव के लिए अंतिम दिन 27 उम्मीदवारों ने किया नामांकन

SHARE:

कुल 34 अभ्यर्थी मैदान में

मनिहारी /कटिहार – प्रखंड में पैक्स अध्यक्ष चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई थी। पहले दिन जहां अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। वहीं शनिवार को नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न छह पंचायतों से कुल 27 उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इस प्रकार दो दिनों में महिलाओं और पुरुषों को मिलाकर कुल 34 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है।

नामांकन की पूरी प्रक्रिया निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सनत कुमार तथा उप निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सोनू कुमार गुप्ता की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नामांकन के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। इस संबंध में निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सनत कुमार ने बताया कि पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए सात अभ्यर्थियों ने नामांकन किया था।

जबकि शनिवार को नामांकन के दूसरे और अंतिम दिन दोपहर 3 बजे तक कुल 27 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस तरह दोनों दिनों को मिलाकर कुल 34 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। उन्होंने बताया कि मनिहारी प्रखंड की छह पंचायतों केवाला,दिलारपुर, धुरियाही,नवाबगंज और नारायणपुर में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इन पंचायतों से अलग-अलग उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।

बीडीओ ने बताया कि नीमा पंचायत से केवल एक ही उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। ऐसे में यदि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद सब कुछ सही पाया जाता है,तो नीमा पंचायत से उक्त उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा सकते हैं। उम्मीदवारों द्वारा दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 9 और 10 मार्च को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक की जाएगी। इस दौरान सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की विधिवत समीक्षा की जाएगी।

वहीं नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 11 मार्च निर्धारित की गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि पैक्स चुनाव के लिए मतदान 18 मार्च को कराया जाएगा।

मतदान के दिन ही मतगणना की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। पैक्स चुनाव को लेकर प्रखंड क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवार अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में समर्थकों के साथ जनसंपर्क कर रहे हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं प्रशासन द्वारा भी चुनाव को निष्पक्ष,शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई