किशनगंज /विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत मटियारी कनकईं नदी घाट एवं सुहिया रेतुआ नदी घाट पर बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण की मांग अब निर्णायक चरण में पहुंचता दिख रहा है।
मंगलवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों की टीम ने दोनों प्रस्तावित स्थलों का विस्तृत निरीक्षण कर भौगोलिक बनावट, नदी के जल प्रवाह, मिट्टी की गुणवत्ता, संभावित बाढ़ स्तर तथा निर्माण की तकनीकी आवश्यकताओं का गहन आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान पहुंच पथ (एप्रोच रोड) की स्थिति, भूमि उपलब्धता और सुरक्षा मानकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
वर्षों से इन दोनों घाटों पर पुल नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के मौसम में कनकईं और रेतुआ नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। कई बार ग्रामीणों को नाव या अस्थायी साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
छात्रों को विद्यालय और कॉलेज पहुंचने में परेशानी होती है, वहीं मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। किसानों और व्यापारियों के लिए भी अपनी उपज बाजार तक ले जाना कठिन हो जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण होने से न केवल आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। कई पंचायतों के बीच संपर्क बेहतर होगा और जिला मुख्यालय से जुड़ाव मजबूत होगा।
बताया जाता है कि बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी रहे मो कलीमुद्दीन ने इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग को पत्र लिखकर शीघ्र पुल निर्माण की मांग की थी। उनके पत्राचार के बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया में तेजी आई और अब स्थल निरीक्षण की औपचारिकता पूरी कर ली गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि आवश्यक स्वीकृतियां और बजट आवंटन शीघ्र सुनिश्चित कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके और टेढ़ागाछ क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ सके। संबंधित अधिकारी ने कहा कि विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया गया था जिसका स्थलीय निरीक्षण कर सरकार एवं संबंधित सचिव को भेजा जाएगा।
























