संगठन सृजन अभियान को देंगे नई धार
नियुक्ति से समर्थकों में उत्साह, नैयर मसूद खान ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
कटिहार – कांग्रेस पार्टी की ओर से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत बिहार के विभिन्न जिलों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार पूर्णिया सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान को अररिया जिला का पर्यवेक्षक बनाया गया है। उनकी नियुक्ति से समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अररिया जिले के लिए कुल चार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें कटिहार सांसद तारिक अनवर, कटिहार अमला टोला निवासी नैयर मसूद खान, मुदस्सिर शम्स और प्रेमचंद सिंह शामिल हैं। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से बूथ स्तर तक पार्टी की संरचना को सुदृढ़ किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका दी जाएगी।
अररिया जिला पर्यवेक्षक बनाए जाने पर नैयर मसूद खान ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन, सांसद रंजीता रंजन, प्रदेश प्रभारी कृष्ण अल्लावरु, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम तथा वरिष्ठ नेता तारिक अनवर सहित सभी शीर्ष नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। नैयर मसूद खान ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। उसे वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन सृजन अभियान के तहत वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी और वे कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर कांग्रेस को अररिया जिले में और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे। नियुक्ति की खबर मिलते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने नैयर मसूद खान को बधाई दी तथा उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
रिपोर्ट: सतेंदु सुमन
























