किशनगंज जिले के 20 केंद्रों में कल से शुरू होगी मैट्रिक की परीक्षा,17422 परीक्षार्थी होंगे शामिल

SHARE:

किशनगंज/प्रतिनिधि

किशनगंज जिला मुख्यालय के 20 केंद्रों में 17 फरवरी से मैट्रिक की परीक्षा होगी। परीक्षा में 17422 परीक्षार्थी शामिल होंगे।परीक्षा दो पालियों में होगी।पहली पाली की परीक्षा में 8713 व दूसरी पाली की परीक्षा में 8709 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा 17 फरवरी से प्रारम्भ होकर 25 फ़रवरी तक संचालित होगी। कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन को लेकर डीएम विशाल राज व एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में संयुक्त आदेश निर्गत किया है।

परीक्षा से जुड़े अधिकारी भी लगातार परीक्षा केंद्रों में व्यव्स्था का जायजा ले रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। केंद्रों में सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। मुख्य द्वार में जांच के बाद ही किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र के अंदर प्रवेश करने दिया जाएगा।परीक्षा केंद्र में मोबाइल ले जाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है।

डीएम विशाल राज ने कहा कि किसी भी केंद्र पर कदाचार ना हो इसका विशेष ख्याल प्रतिनियुक्त केंद्राधीक्षक रखेंगे। एसपी सागर कुमार ने कहा कि मैट्रिक की परीक्षा के दौरान ट्रैफिक की समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी व ट्रैफिक थानाध्यक्ष को दिशा निर्देश दिया गया है।

आधा घंटा पहले पहुंचना होगा केंद्र

पहली पाली की परीक्षा 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा 2 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को पहली पाली में 09:00 बजे के बाद एवं दूसरी पाली में 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।सभी केंद्र के 200 मीटर के दायरे में कोई भी नहीं रहेंगे।

दूर दराज के परीक्षार्थी भी होंगे शामिल

20 केंद्रों में संचालित होने वाली मैट्रिक की परीक्षा में किशनगंज शहर के अलावे ठाकुरगंज,बहादुरगंज,दिघलबैंक,पोठया, टेढ़ागाछ व कोचाधामन प्रखंड के परीक्षार्थी भी शामिल होंगे। इस कारण दूर दराज के परीक्षार्थी परीक्षा से एक दिन पूर्व भी अपने अभिभावकों के साथ शहर में पहुंचकर लॉज व होटल तलाश रहे थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई