डंडखोरा/कटिहार – महाशिवरात्रि को लेकर प्रखंड क्षेत्र में चहल-पहल बढ गई है।लोग मंदिरों की सफाई और रंग-रोगन में भिड़े हैं तो वहीं पूजा पाठ तथा मेला आयोजन की तैयारी भी जोर-शोर से चल रहा है।वहीं प्रशासन भी पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर हर संभव प्रयास कर रहा है।
बता दें कि प्रखंड के सौरिया में राजा द्वारा स्थापित मंदिर, धार्मिक न्यास समिति से संबद्ध बलुआ मंदिर,अति प्राचीन नकुलेश्वर महादेव मंदिर डुमरिया सहित डंडखोरा, बिजैली,पटहरा,जबड़ा डीह,गोरफर,नयाटोला आदि मंदिरों में भी महाशिवरात्रि को लेकर पूजा एवं जलाभिषेक होता है।
इस अवसर पर नाच,हरिनाम संकीर्तन,जागरण,रामायण पाठ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होता है।
शिव- पार्वती विवाह की वर्षगांठ मनाते हुए डंडखोरा में भक्तजनों द्वारा शिव बारात की झांकी निकाली जाएगी।बलुआ में भक्ति जागरण का आयोजन होना है,तो वहीं जबड़ाडीह में चौबीस पहर का हरिनाम संकीर्तन आयोजित किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन अपने स्तर से आयोजन स्थल का जायजा लेकर आयोजकों को लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया है।


























