टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने मंगलवार की देर शाम एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए टेढ़ागाछ टेंपो स्टैंड से एक टेंपो को जब्त कर उसमें से 1.945 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए टेंपो का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर-37 पी-1547 है। टेंपो चालक की पहचान मो. माफिद बक्स, उम्र लगभग 69 वर्ष, पिता स्वर्गीय मकसद अली, ग्राम नयाबस्ती मुसहरा, वार्ड संख्या 4, थाना टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज के रूप में की गई है। पुलिस ने संदेह के आधार पर टेंपो को रोका और विधिवत तलाशी ली, इसी दौरान टेंपो से गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में सब इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि बरामद गांजे का कुल वजन 1.945 किलोग्राम है।
उन्होंने कहा कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
इस अभियान में सब इंस्पेक्टर विकास कुमार के साथ अनिमा कुमारी एवं अन्य पुलिस बल के जवान मौजूद थे, जिन्होंने पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।टेढ़ागाछ पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।




























