सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में पसरा मातम

SHARE:

पौआखाली/रणविजय


नगर पंचायत पौआखाली के फूलबाड़ी चौक पर तीन दिनों पूर्व हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली है. दरअसल चौक पर खड़े अवस्था में एक अज्ञात चार पहिया वाहन द्वारा रौंदे जाने से गंभीर रूप से घायल बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत मोहम्मद नगर पंचायत के केलाबाड़ी गांव निवासी शकील अहमद की बुधवार को इलाज के दौरान सिलीगुड़ी में मौत हो गई है.

उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही गांव घर में शोक की लहर दौड़ गई. इस संबंध में मृतक के परिजन मुंतजिर राही ने बुधवार को पौआखाली थाने में आवेदन देकर संबंधित वाहन और चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

प्राप्त जानकारी मुताबिक शकील अहमद सोमवार रात करीब 8:15 बजे पौआखाली बाजार से घर लौटते वक्त सामान खरीदने के लिए फूलबाड़ी चौक पर गुलाब बेकरी के सामने सड़क किनारे खड़े ही हुए थें कि तभी पबना लेलिहा की तरफ से एक तेज रफ्तार अनियंत्रित चार पहिया 407 टाइप वाहन जिसका रंग सफेद है और निबंधन संख्या बीआर 07 जीबी-3683 है उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए पौआखाली एलआरपी चौक के तरफ भाग निकला, वाहन का जब स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए कई बाईकों से पीछा करना शुरू किया और इसकी सूचना फोन पर परिचित लोगों को देकर पकड़ने की गुहार लगाई गई तो उक्त वाहन चालक थाना से महज कुछ ही मीटर पहले शॉपिंग मॉल के पास की गई घेराबंदी को नजरंदाज करते हुए सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को जोरदार ठोकर मारते हुए रफ्तार में सीधे एनएच 327ई के जरिए बहादुरगंज की दिशा में फरार हो गया.

शुक्र था कि मॉल के आसपास जो भी लोग मौजूद थें वे भी बाल बाल बच गए हैं. हालांकि उक्त वाहन का चार पहिया वाहनों और कई बाईकों से कोचाधामन थाना क्षेत्र के महादेवदीघी तक पीछा किया गया परंतु उसे रोक पाने में नाकाम रहें. बताया जाता है कि पुलिस को भी सूचना दी गई थी, परंतु पुलिस उक्त वाहन की पहचान बैगर उसे रोक पाने में नाकाम साबित हुई. घटना में शामिल वाहन का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.

उक्त वाहन का जब हाइवे मार्ग पर पीछा किया जा रहा था तब भी पीछा करते हुए एक वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है. वाहन में लगे नंबर प्लेट पर जो नंबर अंकित है वह दरभंगा जिले में निबंधित है. इधर थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई