समेली /कटिहार /प्रतिनिधि
समाज कल्याण विभाग में आईसीडीएस प्रखंड समन्वयक के पद पर कार्यरत पूजा कुमारी को उनकी उत्कृष्ट वैचारिक सक्रियता और सामाजिक सरोकारों के लिए प्रतिष्ठित ‘इमर्जिंग वॉयसअवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लेट्स इंस्पायर बिहार कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विशिष्ट आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने प्रदान किया।एमसीए शिक्षित पूजा कुमारी वर्तमान में समेली प्रखंड में पदस्थापित हैं।
ऐतिहासिक और साहित्यिक पृष्ठभूमि के लिए विख्यात इस क्षेत्र में पदस्थापना के बाद उनकी प्रतिभा को नई दिशा मिली।प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक और वैचारिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। पूर्व में भी उन्हें विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। इमर्जिंग वॉयस’ के रूप में मिली यह पहचान उनके कार्य के प्रति समर्पण, सकारात्मक सोच और समाज में जागरूकता फैलाने के प्रयासों का प्रमाण मानी जा रही है।
सम्मान प्राप्ति के बाद पूजा कुमारी ने कहा कि समेली जैसी साहित्यकारों की भूमि ने उनके भीतर नई चेतना का संचार किया है। विकास वैभव जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्व के हाथों सम्मान मिलना उनके लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
उन्होंने कहा कि वह अपनी तकनीकी शिक्षा और प्रशासनिक पद का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर करती रहेंगी।उनकी इस उपलब्धि पर प्रखंड एवं जिले के प्रबुद्ध जनों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


























