दिघलबैंक/मुरली धर झा
दिघलबैंक प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के आठवें लीग मैच में सतकौवा टीम ने करुवामनी पंचायत को 127 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस रोमांचक मुकाबले में सतकौवा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 244 रन बनाए, जिसके जवाब में करुवामनी की टीम 117 रनों पर ऑल आउट हो गई। सतकौवा के मोहम्मद तंजिम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
सतकौवा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 244 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सतकौवा की ओर से सौरव ने 56 और सब्बीर ने 53 रनों की शानदार पारियां खेलीं।लक्ष्य का पीछा करने उतरी करुवामनी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के 6 ओवर में ही अपने 5 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। कोई बड़ी साझेदारी न होने के कारण लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम पर दबाव बढ़ता गया।
करुवामनी की पूरी टीम 14.1 ओवर में मात्र 117 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। करुवामनी की ओर से रॉकी ने सर्वाधिक 47 रन बनाए। सतकौवा की ओर से गेंदबाजी करते हुए तंजिम ने 6 महत्वपूर्ण विकेट झटके, जो टीम की जीत में निर्णायक साबित हुए।इस जीत के साथ ही सतकौवा टीम ने अपना पहला लीग मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला पत्थरघट्टी टीम से होगा।
मैच के बाद मोहम्मद तंजिम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।इस अवसर पर करुवामनी पंचायत के मुखिया मजीद आलम, सतकौवा पंचायत से समिति मिफ्ताहुल, बदरी बातर और मांगुरा मुखिया प्रतिनिधि मेराज आलम ने दोनों टीमों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मैच के अंपायर सद्दाम अहमद और मुजाहिद आलम थे, जबकि मुरली धर झा, हरिनंदन सिंह और अकील आलम ने कमेंट्री की। मैच प्रबंधन मेजर चौधरी ने संभाला और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय दर्शक मैच देखने पहुंचे।




























