संगठन विस्तार को लेकर हुई चर्चा
कोचाधामन (किशनगंज)सरफराज आलम
प्रखंड के कठामठा पंचायत के बरबट्टा में राजद जिला इकाई की ओर से रविवार की शाम कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।विधायक प्रतिनिधि इम्तियाज असफी के नेतृत्व में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी संगठन विस्तार को लेकर विभिन्न बिंदुओ पर चर्चा किया गया। साथ ही पार्टी की ओर से संगठन का विस्तार करते हुए पार्टी के कई लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गई।
आगामी पांच जून को संपूर्ण क्रांति दिवस पर जिला मुख्यालय किशनगंज में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को सफल बनाने को लेकर भी विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के उपरांत रणनीति तैयार किया गया। इस दौरान राजद जिला इकाई की ओर से सकेब आलम को राजद प्रखंड अध्यक्ष, पूर्व उप प्रमुख कैसर आलम को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रखंड अध्यक्ष, इम्तियाज कौसर को प्रखंड प्रवक्ता, दिलनवाज आलम को प्रखंड कोषाध्यक्ष,अमर पासवान को प्रखंड अध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ,हबीबूर रहमान को प्रखंड उपाध्यक्ष,सरवर आलम को प्रखंड उपाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ,प्रवेज आलम को प्रखंड अध्यक्ष बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ,अरविंद कुमार साह को प्रखंड अध्यक्ष व्यवसायिक प्रकोष्ठ मनोनीत कर उसे मनोनयन पत्र प्रदान किया गया।
अवसर पर सचेतक सत्तारूढ़ दल सह विधायक हाजी इजहार असफी ने कहा कि राजद हमेशा से सभी जाति समुदाय के लोगों को साथ लेकर चल रही है। पार्टी संगठन में भी सभी जाति समुदाय को जगह दी जाती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रहार हमारा मुख्य उद्देश्य है।इस पर कार्य किया जा रहा है। भ्रष्टाचार एवं दलाली मुक्त समाज का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। मजबूत संगठन का निर्माण समर्पित कार्यकर्ता से ही संभव है।
इसलिए कार्यकर्ता एक मजबूत और सशक्त संगठन का निर्माण करें। इस अवसर पर
राजद जिलाध्यक्ष कमरुल होदा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी राजद के सदस्य हैं। पार्टी के सिद्धांतों को जन जन तक पहुंचाना है। पार्टी कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी का ईमानदारी पूर्वक करना होगा।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर के संदेशों को भी जन जन तक पहुंचाते हुए संविधान की रक्षा करना भी हमारा दायित्व है।
इस अवसर पर राजद के वरीय नेता उस्मान गनी दानिश इकबाल,हैबर बाबा, पूर्व उप प्रमुख कैसर आलम,सकेब आलम, रमीज रजा,प्रवेज आलम, फिरोज आलम, शाहबाज हैदर,जमील अख्तर, शमशाद आलम,सायम प्रवेज,अमर पासवान, शाहबाज आलम, कामिल आलम, सद्दाम हुसैन,जहांगीर आलम, तहजीब आलम, अब्दुल हक,नौशाद आलम, अरविंद कुमार, तनवीर उस्मानी,अवध दास, डेविड समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।





























