न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बिहार :महामारी से बचाव के लिए “सुरक्षा कवच” है कोविड-19 का वैक्सीन: सांसद

• बनियापुर में सांसद ने किया टीकाकरण अभियान का उद्घाटन
• कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित, निर्भीक होकर कराएं टीकाकरण: सिविल सर्जन
• 45 साल से ऊपर के कोई भी व्यक्ति ले सकता है टीका

छपरा /प्रतिनिधि

वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले में टीकाकरण अभियान को तेज कर दिया गया है। सदर अस्पताल से लेकर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्तर पर टीकाकरण किया जा रहा है। शनिवार को बनियापुर रेफरल अस्पताल में महाराजगंज के सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल ने कोविड-19 टीकाकरण अभियान का उद्घाटन किया। इस मौके पर सांसद श्री सिग्रीवाल ने कहा कि टीका स्वदेशी है और सुरक्षित है। लोग निबंधन करा कर वैक्सीन लगवा सकते हैं। कोरोना से बचने के लिए लोग नियमों का गंभीरता से पालन करें। संक्रमण से बचाव के लिए कोविड-19 टीका सुरक्षा कवच है। बारी आने पर इसे अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 वैक्सीन लेने के बाद भी लोगों को कोरोना को लेकर तमाम तरह की सावधानियां बरतनी है। मास्क का इस्तेमाल नियमित करना है और दो गज की दूरी भी बनाकर रखनी है। कोरोना की दूसरी लहर आ चुकी है। इसलिए कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण और सावधानी अनिवार्य है। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जर्नादन प्रसाद सुकुमार, जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम अरविन्द कुमार, बनियापुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरूण प्रकाश गुप्ता, बीएचएम राम मूर्ति समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

टीकाकरण को लेकर कोई भी भ्रांति नहीं रखें:


इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जर्नादन प्रसाद सुकुमार ने कहा देश के वैज्ञानिकों पर गर्व करना चाहिए कि वह इतने कम समय में इस महामारी से रक्षा के लिए वैक्सीन का निर्माण करने में सफ़ल हुए हैं। अब 45 वर्ष या उससे ऊपर के सभी व्यक्तियों के लिए भी टीकाकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि टीकाकरण को लेकर कोई भी भ्रांति मन के अंदर नहीं रखें। टीकाकरण पूर्णता सुरक्षित है। कोविड के बढ़ते मामलों से बचने के लिए टीकाकरण एक सुरक्षित एवं प्रभावी जरिया है।

45 साल से ऊपर के कोई भी व्यक्ति ले सकता है टीका:


सिविल सर्जन डॉ. जर्नादन प्रसाद सुकुमार ने कहा अब 45 साल से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंच कर कोरोना का टीका ले सकेंगे। उन्होंने कहा टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के उद्देश्य से सरकार ने 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लगाने का निर्णय लिया है। टीका लगाने के लिये उम्र व पहचान संबंधी सत्यापन के लिए टीकाकरण स्थल पर लोगों का अपना आधार कार्ड उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

रेफरल अस्तपाल का किया निरीक्षण:


इस दौरान सिविल सर्जन व डीपीएम ने बनियापुर रेफरल अस्पताल निरीक्षण भी किया। इस दौरान टीकाकरण कार्यों की जानकारी ली और सीएस ने कहा कि हर हाल में शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करना है। सिविल सर्जन ने अस्पताल में दवाओं एवं उपकरणों के रख-रखाव, साफ-सफाई, चिकित्सकों के उपस्थिति की जांच की। अल्ट्रा साउंड नहीं होने पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अल्ट्रासाउंड को सुचारू रूप से चलाना सुनिश्चित करें।

Share this news

Leave a Comment