किशनगंज सदर अस्पताल में ICU सेवा का हुआ शुभारंभ,मरीजों को मिलेगा लाभ

SHARE:

किशनगंज/संवाददाता

किशनगंज जिले के लोगों को अब गंभीर मरीजों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सदर अस्पताल में मंगलवार को 10 बेड वाले आधुनिक आईसीयू का उद्घाटन विधायक कमरूल हुदा और जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने किया। फिलहाल दो वेंटिलेटर युक्त बेड से सेवाएं शुरू की गई हैं। शेष बेड आवश्यक उपकरण और मानव संसाधन उपलब्ध होने के बाद चरणबद्ध तरीके से संचालित किए जाएंगे।

अब तक सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर संक्रमण जैसे मामलों में मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता था। रेफरल के दौरान इलाज में देरी से मरीजों की स्थिति और गंभीर हो जाती थी। नई आईसीयू सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को जिले में ही वेंटिलेटर सहायता और गहन निगरानी के साथ समय पर उपचार मिल सकेगा।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आईसीयू शुरू होने से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और जटिल सिजेरियन प्रसव के मामलों में भी बड़ी राहत मिलेगी। पहले ऐसी महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए बाहर भेजना पड़ता था, लेकिन अब जनरल सर्जन, एनेस्थेटिस्ट और आईसीयू सुविधा उपलब्ध होने से अधिकांश मामलों का इलाज सदर अस्पताल में ही संभव होगा ।बताते चले कि आईसीयू के संचालन के लिए प्रशिक्षित पैरामेडिकल कर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही जनरल सर्जन और एनेस्थेटिस्ट भी गंभीर मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
उद्घाटन के दौरान जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता लोगों को उनके जिले में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को गोल्डन ऑवर के भीतर उपचार मिलेगा, जिससे अनावश्यक रेफरल कम होंगे और कई मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!