फारबिसगंज में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फूंका पुतला

SHARE:

संवाददाता: अरुण कुमार

राजधानी दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को अररिया जिले के फारबिसगंज में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए तथा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन किया जा रहा है और सरकार अपनी आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास कर रही है।


प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया।

इसके बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया, जो केंद्र सरकार के तानाशाही रवैये को दर्शाता है। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है।


कांग्रेस नेता करण कुमार पप्पू ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर पुलिस ने राहुल गांधी के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें घसीटते हुए हिरासत में लिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की कार्रवाई को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।


प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!