सागर चंद्रा/ किशनगंज
टाउन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर समदा गांव में छापेमारी कर नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी सीमेंट का जखीरा बरामद करने के साथ साथ कई उपकरणों को भी जब्त किया है। दो धंधेबाज के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस गोरखधंधे में लिप्त अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार समदा गांव में नकली सीमेंट के भंडारण की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की थी। मकान मालिक रफीक आलम से पूछ ताछ करने पर उसने बताया कि मकान का निचला हिस्सा उन्होंने समदा निवासी शमीम अख्तर पिता मुजीबुर रहमान को भाड़े पर दिया है। हालांकि उनके द्वारा एग्रीमेंट से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया।
मकान मालिक रफीक आलम के गोदाम की तलाशी लेने पर डब्ल्यू बी 91 भी 7622 नंबर का आईसर ट्रैक्टर पाया गया। साथ ही 50 किलो का 165 बोरी अल्ट्राटेक सुपर सीमेंट, 51 बोरी अंबुजा सीमेंट, 50 बोरी कंक्रीटो सीमेंट के साथ साथ लगभग 200 किलो खुला सिंमेट बरामद किया गया।
इसके साथ ही 5 सीमेट भरने वाला लोहे का कप, अल्ट्राटेक सीमेंट की 102 खाली बोरा भी बरामद किया गया। नकली सीमेंट बरामद होते ही पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया। नकली सीमेंट के कारोबार में शामिल समदा वार्ड नंबर 4 निवासी शमीम अखतर पिता मजीबुर रहमान और रफीक आलम पिता सहबुज हक के विरुद्ध टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस अवैध धंधे में संलिप्त अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।























