बहादुरगंज/किशनगंज/निसार अहमद
मंगलवार को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने और लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष बहादुरगंज सुनील कुमार की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम रसल हाई स्कूल बहादुरगंज के परिसर में आयोजित किया गया, जहाँ स्कूली बच्चों को साइबर ठगी से बचने के विभिन्न उपायों और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया गया कि साइबर अपराधी अधिकारी या किसी बड़े विभाग का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते हैं। इसके बाद वे आधार संख्या या बैंक खाते से जुड़े गोपनीय पिन और ओटीपी जैसी जानकारी हासिल कर लोगों की गाढ़ी कमाई उड़ा लेते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी अंजान कॉल पर अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया।
फिशिंग और स्पूफिंग,ओटीपी या यूपीआई पिन स्कैम,स्क्रीन शेयरिंग फ्रॉड,डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाना,फेक जॉब (फर्जी नौकरी)इत्यादि के संदर्भ मे जानकारी दी गयी।
वहीँ पुलिस टीम ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराने की बजाय तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर मदद लेनी चाहिए।
इसके अलावा, साइबर क्राइम के आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर, तुरंत अपना पासवर्ड बदलकर, बैंक कार्ड ब्लॉक कराकर और घटना से जुड़े सबूत सुरक्षित रखकर नुकसान से बचा जा सकता है।
थानाध्यक्ष ने विद्यालय के शिक्षकों से अनुरोध किया कि वे समय-समय पर बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते रहें, ताकि ये बच्चे अपने घर और परिवार के अन्य सदस्यों को भी जागरूक कर सकें और उन्हें ठगी का शिकार होने से बचा सकें।
जहाँ इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष रंजीत भारती, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. मजहर आशिफ के अलावा शिक्षक असलम अंसारी, शमीम अख्तर, महबूब आलम, राजेश कुमार, अंजरुल इमाम, नजीर आलम, नुसरत प्रवीण, रिंकी कुमारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।























