मंगलवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला कृषि टॉस्क फोर्स एवं धान अधिप्राप्ति प्रगति कार्य से संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा धान अधिप्राप्ति विपणन वर्ष 2025-26 में सी०एम०आर० (चावल) आपूर्ति की समीक्षा की गयी।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिलांतर्गत लगभग 95 प्रतिशत चावल की आपूर्ति पैक्सों एवं व्यापारमंडलों के द्वारा राज्य खाद्य निगम को कर दी गयी है।
गौरतलब है कि चावल आपूर्ति की अंतिम तिथि दिनांक 31.07.2026 तक निर्धारित है। समितियों के द्वारा अभी 2968.8 एम०टी० चावल की आपूर्ति की जानी शेष है।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी राईस मिलों के कार्यकलाप की समीक्षा करते हुए उन्हे अवशेष सी०एम०आर० के अनुरूप दैनिक अनुपातिक सी०एम०आर० की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम को करने का निदेश दिया गया। साथ ही जिन पैक्सो/व्यापारमंडलों के द्वारा राईस मिलों का धान आपूर्ति करना शेष है उन्हें 25.07.2026 तक निश्चित रूप से अवशेष धान उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।
जिला सहकारिता पदाधिकारी तथा जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, किशनगंज को दैनिक अनुश्रवण का निदेश देते हुए अधिप्राप्ति जैसी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में असहयोगात्मक रवैया रखने वाले सहकारी समितियों और राईस मिलों के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई का भी निदेश दिया गया।
उन्होने ससमय शत-प्रतिशत सी०एम०आर० आपूर्ति सुनिश्चित करने का निदेश दिया।
जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा कृषि विभाग, आत्मा, उद्यान विभाग, गव्य विभाग, पशुपालन विभाग, विद्युत विभाग, मत्स्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि परम्परागत कृषि विकास योजना अन्तर्गत सही किसानों को चयत करते हुए समुचित योजना बद्ध तरीके से किसानों प्रशिक्षित किया जाय तथा फार्मर रजिस्ट्री कार्य में प्रगति लाया जाय। साथ ही उर्वरक छापामारी दल एवं उर्वरक निरीक्षक के द्वारा नियमित रूप से छापामारी कराया जाय ताकि उर्वरक कालाबाजारी / जमाखोरी पर नियंत्रण हो सके एवं नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का गहन जाँच करते हुए उर्वरक की कालाबजारी / जमाखोरी पर सतत् निगरानी रखी जाय।
उक्त बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, राईस मिलर एवं पैक्स अध्यक्ष भी उपस्थित थे तथा जिला कृषि पदाधिकारी, किशनगंज/जिला उद्यान पदाधिकारी किशनगंज/ उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, किशनगंज/जिला गव्य विकास पदाधिकारी, किशनगंज/कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई/जिला पशुपालन पदाधिकारी/जिला कृषि विपणन पदाधिकारी, किशनगंज/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, किशनगंज एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहें।























