बरारी/कटिहार – प्रखंड के विशनपुर पंचायत के बकिया घाट पर मंगलवार दोपहर गंगा नदी पार करने के दौरान 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। विसनपुर पंचायत के उप मुखिया गोपाल यादव ने बताया कि वार्ड संख्या-16 बकिया रानीचक निवासी रतन यादव का पुत्र लालसर यादव (22)मंगलवार करीब ढाई बजे दियारा क्षेत्र में भैंस चराने के लिए गंगा नदी पार कर रहा था। इसी दौरान नदी में पानी अधिक होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया।
स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर आनन-फानन में इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव में भी शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। उप मुखिया गोपाल यादव, मुकेश यादव, अरुण गोस्वामी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से साधारण है और प्रशासन को हरसंभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।























