डेंजर लेवल से 1 मीटर नीचे
आजमनगर /कटिहार –महानंदा नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि से महानंदा के निकटतम इलाकों में बसे लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। इस बाबत महानंदा के तटवर्ती इलाकों के लोगों को विस्थापित होने का डर सताने लगा है। नेपाल के तराई तथा पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से महानंदा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। जल स्तर में वृद्धि होने से सैकड़ों परिवारों को बेघर होने की चिंता सताने लगी है।
सोमवार की शाम 6:00 बजे से मंगलवार की सुबह 6:00 बजे तक 12 घंटा में महानंदा के जल स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। डेंजरस लेवल से महानंदा एक मीटर नीचे तत्काल बह रहा है। महानंदा का जलस्तर झौआ, बहरखाल,आजमनगर,दबोल के निकट डेंजरस लेवल से फिलहाल नीचे बह रहा है।
धबोल में 2 घंटे के भीतर 5 सेंटीमीटर जल स्तर में वृद्धि हुई है।बाढ़ नियंत्रण विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण महानंदा के जलस्तर में अभी और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। हालांकि अभी महानंदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है।
वही विभाग के अधिकारी बढ़ते जल स्तर पर नजर बनाए हुए हैं। सालमारी डिवीजन के एग्जीक्यूटिव ई कृपानाथ विश्वास ने बताया कि जल स्तर में वृद्धि हो रही है,परंतु स्थिति काफी नियंत्रण में है। वर्तमान में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है।























