तस्कर हो गिरफ्तारी जल्द, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन :प्रदर्शनकारी
अधिकतर युवा वर्ग के लोग स्मैक के आदी हो चुके हैं
बारसोई / कटिहार – बारसोई नगर पंचायत में सूखे नशे और स्मैक की बढ़ती लत से परेशान होकर सैकड़ों महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया है। हाथों में तख्तियां और चेहरों पर आक्रोश लिए इन महिलाओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए । नगर पंचायत की महिलाओं ने घर के चूल्हे-चौके को छोड़कर सड़क पर उतर जोरदार प्रदर्शन किया।महिलाओं ने कहा कि बारसोई में तेजी से ‘सूखा नशा’ यानी स्मैक का कारोबार पैर पसार रहा है ।
महिलाओं ने हाथों में नशा विरोधी नारे लिखी तख्तियां थामीं और एक विशाल रैली निकाली। यह रैली रेलवे गुमटी से शुरू होकर बारसोई स्टेशन होते हुए वापस रेलवे गुमटी पर आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान महिलाओं ने नशे के सौदागरों और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।महिलाओं ने कहा कि जब प्रशासन जांच करने जाता है तो उन्हें कोई स्मैक या नशा नहीं मिलता। लेकिन जैसे ही नशा करने वाले लोग वहां पहुंचते हैं। उन्हे आसानी से स्मैक मिल जाता है! आखिर ऐसा कैसे संभव है।
हमारी युवा पीढ़ी इस सूखे नशे के चक्कर में पूरी तरह बर्बाद हो रही है। लड़के नशे के लिए घर का सामान तक बेच रहे हैं। चोरी कर रहे हैं। और बारसोई प्रशासन पूरी तरह से मौन बना बैठा है।
महिलाओं का कहना है कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की नाक के नीचे स्मैक का धंधा फल-फूल रहा है। युवा इस दलदल में फंसकर न सिर्फ अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। बल्कि उनका पूरा परिवार तबाह हो रहा है। घर के बर्तन, गहने और कीमती सामान बेचकर युवा इस जानलेवा लत को पूरा कर रहे हैं। महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द ही इन स्मैक माफियाओं पर नकेल नहीं कसी तो उनका यह आंदोलन और उग्र रूप अख्तियार करेगा। प्रदर्शन करने वालों में जीविका दीदी अंजु देवी ,गुंजा देवी, बबीता देवी ,रुबी देवी , आशा देवी, सुबुत देवी, मीना देवी, क्रांति देवी ,मोटरी देवी ,सेमिया देवी ,रिंकु देवी ,सुजाता देवी आदि दर्जनों महिला शामिल रहे ।























