उप महापौर एवं नगर आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
कटिहार – नगर निगम की ओर से मंगलवार को शहर के तीन स्थानों पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वार्ड संख्या 38 सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार एवं वार्ड पार्षद संजय कुमार महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर नगर निगम द्वारा नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन अलग-अलग स्थलों पर शिविर लगाए गए। इनमें वार्ड संख्या 7 के ब्रह्मचारी मैदान,वार्ड संख्या 22 के काली मंदिर प्रांगण तथा वार्ड संख्या 38 सामुदायिक भवन में सहयोग शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। वार्ड संख्या 7 में वार्ड पार्षद आलोक कुमार वर्मा तथा वार्ड संख्या 22 में वार्ड पार्षद श्रीमती गुड्डी देवी उपस्थित रहीं और नागरिकों से शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का निष्पादन, शिकायतों का पंजीकरण तथा नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि ऐसे सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी एवं नगर निगम की सेवाएं उनके वार्ड स्तर पर सहज और त्वरित रूप से उपलब्ध कराना है।इस दौरान सहायक अभियंता विवेक कुमार, कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह, सिटी मैनैजर ज्योति कृष्णमुर्ति, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, नुर अली खान सहित अन्य मौजूद रहे।























