कोढ़ा को मिला अपना डिग्री कॉलेज,शिक्षा के नए युग की शुरुआत जनप्रतिनिधियों ने किया उदघाटन

SHARE:

कोढा /कटिहार-कोढ़ा प्रखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कोढ़ा का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति विवेकानंद सिंह तथा कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर महाविद्यालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में शीशिया पंचायत के मुखिया अभिनंदन सिंह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश नेता संतोष मेहता मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। कॉलेज खुलने की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया।

लंबे समय से कोढ़ा के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने को मजबूर थे, लेकिन अब उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी। सांसद पप्पू यादव ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि कोढ़ा में डिग्री कॉलेज का खुलना यहां के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा।

उन्होंने आश्वासन दिया कि कॉलेज के विकास और संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।विधायक कविता पासवान ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह कॉलेज सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि कोढ़ा के युवाओं के सपनों का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

वहीं कुलपति विवेकानंद सिंह ने कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय इस नए महाविद्यालय को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में जल्द ही विभिन्न विषयों की पढ़ाई शुरू होगी और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल शिक्षा बल्कि सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह कॉलेज कोढ़ा को एक शैक्षणिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं अभिभावकों ने भी इस कदम को राहत भरा बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कॉलेज के खुलने से न केवल शिक्षा का स्तर बढ़ेगा, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!